अनुविभाग बसना अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों के नवीन आबंटन हेतु 18 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
अनुविभाग बसना अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों के समर्पण एवं युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत नवीन संचालन संस्था के चयन के लिए इच्छुक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बिछिया द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान सागरपाली, ग्राम पंचायत छिर्राचुवां के सरपंच एवं सचिव द्वारा संचालित छिर्राचुवां तथा सीता महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान पुरुषोत्तमपुर का समर्पण किया गया है।
इसके अतिरिक्त सुखापाली की उचित मूल्य दुकान पूर्व संचालनकर्ता ग्राम पंचायत सुखापाली से निरस्त होकर वर्तमान में शिवम उपभोक्ता भंडार से अस्थायी रूप से संलग्न है। वहीं बड़ेटेमरी की दुकान पूर्व संचालनकर्ता ओम महिला स्व-सहायता समूह से निरस्त होकर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा संचालित खट्खटी उचित मूल्य दुकान से अस्थायी रूप से संलग्न है। कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) तथा शासन के निर्देशानुसार इन दुकानों का युक्तियुक्तकरण करते हुए नवीन आबंटन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 की कंडिका-9 के तहत विकासखंड में स्थित वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन 18 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बसना में प्रस्तुत कर सकते हैं।