10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोटों को सरकार की मंजूरी, जल्द शुरू होगा ट्रायल
देश में जल्द ही 10 और 20 रुपये के पॉलीमर बैंक नोटों का परीक्षण शुरू हो सकता है। सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत इन दोनों मूल्यवर्ग के पॉलीमर नोट फील्ड ट्रायल के लिए जारी किए जाएंगे।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि पहले चरण में 10 और 20 रुपये के एक-एक अरब पॉलीमर नोट परीक्षण के तौर पर जारी किए जाएंगे। ट्रायल सफल रहने के बाद इनके नियमित प्रचलन पर फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आरबीआई ने सरकार को पॉलीमर नोटों के परीक्षण का प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी दे दी गई है। वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार पॉलीमर नोटों की आयु सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक होती है। इससे नोटों की गुणवत्ता और टिकाऊपन बेहतर रहने की उम्मीद है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पॉलीमर नोटों की शुरुआत की प्रक्रिया शुरुआती चरण में है। इनके नियमित प्रचलन में आने के बाद ही डिजिटल भुगतान पर इनके प्रभाव का आकलन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि पॉलीमर नोट कागजी नोटों के साथ-साथ चलेंगे। वित्त राज्य मंत्री ने यह भी साफ किया कि फिलहाल कागजी मुद्रा को पूरी तरह पॉलीमर नोटों से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।