चांपा पुलिस की हिरासत में युवक की मौत, थाने का घेराव; परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद तनाव की स्थिति बन गई। मेहंदीपारा निवासी 30 वर्षीय शिव सहिस को बुधवार दोपहर उसके घर से करीब 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसे एक प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों द्वारा थाने लाया गया था।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पहले BDM अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद सुबह करीब 6 बजे उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है और युवक की मौत के लिए हिरासत में हुई कथित मारपीट को जिम्मेदार बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए और थाने का घेराव किया। स्थिति को देखते हुए थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारण और हिरासत के दौरान हुई घटनाओं को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।