जांजगीर-चांपा : बीएस स्पंज आयरन की प्रस्तावित परियोजना को ले... - CG Sandesh

जांजगीर-चांपा : बीएस स्पंज आयरन की प्रस्तावित परियोजना को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा तहसील अंतर्गत चारमार और नवापारा क्षेत्र में बीएस स्पंज आयरन प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित विशाल इस्पात एवं विद्युत परियोजना को लेकर प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों ने जानकारी सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और जनपद अध्यक्ष घरघोड़ा सहनु पैंकरा की ओर से अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

बताया गया कि 28 सितंबर को चारमार-नवापारा क्षेत्र में परियोजना को लेकर जनसुनवाई प्रस्तावित है। जनसुनवाई से पहले प्रभावित ग्राम चारमार, नवापारा, भेंगारी, डोंगाभावना, टेंडा, बस्तीपाली, शारडाप, भलमुली, कटंगडीही समेत आसपास के ग्रामीणों ने परियोजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक किए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कच्चे माल के भंडारण, राख प्रबंधन, चिमनी से होने वाले धुआं उत्सर्जन, अपशिष्ट भंडारण, जल आपूर्ति और भारी वाहनों के आवागमन से संबंधित जानकारी जनता के सामने रखने की मांग की है। इसके अलावा कंपनी की ओर से पंचायत स्तर पर बैठक आयोजित कर परियोजना में आने वाली भूमि, वन क्षेत्र और प्रभावित गांवों से दूरी का विवरण भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में परियोजना की कुल लागत, स्थानीय लोगों को मिलने वाले रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने 15 सितंबर तक प्रभावित गांवों में शिविर लगाकर इन सभी बिंदुओं की जानकारी देने की मांग करते हुए कहा कि जनता को पर्याप्त जानकारी और संतुष्टि मिलने के बाद ही जनसुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना से क्षेत्र के लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए जनसुनवाई से पहले सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का सार्वजनिक होना जरूरी है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें