श्रीनगर में पिछले तीन हफ्तों में 8000 से अधिक विद्यार्थियों ... - CG Sandesh

श्रीनगर में पिछले तीन हफ्तों में 8000 से अधिक विद्यार्थियों ने इंटरनेट सुविधा का लाभ उठाया

जम्मू कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को कहा कि पिछले तीन सप्ताह में 8000 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराने और अन्य अकादमिक सूचनाओं के लिए श्रीनगर प्रशासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी इंटरनेट सुविधा का इस्तेमाल किया।

एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि जिन प्रमुख परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को पंजीकरण कराने के लिए मदद दी गई उनमें गेट, संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मुख्य, वैज्ञानिक एवं औद्योगिकी अनुसंधान परिषद की नेट, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा शामिल हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि इंटरनेट सुविधा का उपयोग विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रपत्र भरने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में छात्रवृति पाने के लिए आवेदन देने के लिए किया।

उन्होंने कहा,‘‘पिछले तीन सप्ताह में 8000 से अधिक विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रकार की अकादमिक एवं व्यावसायिक परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराने के लिए इंटरनेट सुविधा का लाभ उठाया। यह सुविधा श्रीनगर के पर्यटक स्वागत केंद्र ने उपलब्ध करायी।’’

उन्होंने कहा कि उपयोगकर्ताओं में वे विद्यार्थी भी हैं जिन्हें स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न परीक्षाओं के लिए नतीजा जानने या प्रवेश पत्र की जरूरत थी।

यहां आम इंटरनेट सुविधा पांच अगस्त से बंद है जब केंद्र ने संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर के विशेष राज्य के दर्जे को वापस लेने की घोषणा की थी।

सरकार ने इंटरनेट सुविधा प्रदान करने के लिए पर्यटक स्वागत केंद्र पर छह टर्मिनल बनाये हैं।

प्रशासन ने श्रीनगर के डीसी कार्यालय में राष्ट्रीय सूचना केंद्र में भी इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करायी है जहां ठेकेदारों को ई निविदा प्रक्रिया प्रदान की जा रही है और 400 उपयोगकर्ताओं ने इस महीने इसका लाभ उठाया।


अन्य सम्बंधित खबरें