कोई दिक्कत नहीं, भारत-चीन सीमा पर पूर्ण शांति : कीरेन रीजीजू
केन्द्रीय मंत्री कीरेन रीजीजू ने शुक्रवार को कहा कि उनके गृह राज्य अरुणाचल प्रदेश से सटी भारत-चीन सीमा पर पूर्ण शांति है।
उन्होंने पीटीआई..भाषा से कहा, ‘‘कोई दिक्कत नहीं है। सीमा पर शांति है।’’
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हमारी सेना, हमारे सीमा सुरक्षा बल जमीन की प्रत्येक इंच का ध्यान रख रहे हैं।’’
इस महीने की शुरुआत में अरुणाचल प्रदेश से भाजपा सांसद तापिर गाओ ने दावा किया था कि चीनी सैन्य टुकड़ी ने अरुणाचल प्रदेश के सुदूर अंजाव जिले में घुसपैठ कर चांगलगाम क्षेत्र में किओमरु नाले पर पुल बनाया।
हालात की जानकारी देते हुए रीजीजू ने कहा, ‘‘जहां सीमा स्पष्ट नहीं है, अगर उनकी सेना भीतर आती है तो, हम उसे घुसपैठ कहते हैं। जब हमारी सेना उनकी ओर जाती है, तो वे घुसपैठ कहते हैं।’’
भारत और चीन के बीच करीब 4,000 किलोमीटर की अस्पष्ट सीमा है। चीन दावा करता है कि अरुणाचल प्रदेश दक्षिण तिब्बत का हिस्सा है।