बसना : गांजे से भरी कार में आग लगाकर भाग रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 14.23 लाख का गांजा जब्त
बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान ओडिशा से आ रही एक संदिग्ध कार का पीछा कर गांजा तस्करी के बड़े मामले का पर्दाफाश किया है. पकड़े जाने के डर से तस्करों ने कार को लॉक कर उसमें रखे गांजे में आग लगा दी थी, लेकिन पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम बसना पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक काले रंग की वेगनआर कार MP 18 Z 8555 काफी तेज गति से बसना की तरफ आ रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाने के सामने नाकाबंदी कर दी.
नाकाबंदी देखकर कार चालक वाहन को मोड़कर तेज गति से भागने लगा. पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से पीछा किया. ग्राम चोरभट्टी से मेदनीपुर जाने वाले कच्चे जंगल मार्ग की पुलिया के पास आगे रास्ता बंद होने पर आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से कार में रखी गांजे की बोरियों में आग लगा दी, और कार लॉक की और भागने लगे.
पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी कर दो संदेहियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी जंगल की तरफ भाग निकला. पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर आग पर काबू पाया. कार की डिक्की से तीन अधजली बोरियों में कुल 28.465 किलोग्राम नमीयुक्त गांजा बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत 14,23,250 रुपये आंकी गई है. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वेगनआर कार, एक आईफोन और एक रियलमी मोबाइल सहित कुल 18,53,250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुलभ सिंह परिहार 29 वर्ष और सागर कुशवाहा 25 वर्ष, दोनों निवासी थाना नागौर, जिला सतना मध्य प्रदेश के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी शिवा सिंह निवासी शहडोल, म.प्र. के साथ ओडिसा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए शहडोल ले जा रहे थे.
मामले में बसना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(b)(ii)(C) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238(A), 324(2) एवं 326(F) के तहत अपराध पंजीकृत किया है.