बसना : खेत की मेढ़ से करील तोड़ने पर विवाद, मना करने पर लाठी ... - CG Sandesh

बसना : खेत की मेढ़ से करील तोड़ने पर विवाद, मना करने पर लाठी से हमला, सिर फटा

बसना थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्शीपहार में खेत की मेढ़ से करील बांस तोड़ने से मना करने पर एक युवक ने किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए बांस के डंडे से हमला कर दिया, इस हमले में किसान के सिर पर गंभीर चोट आई है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खुर्शीपहार निवासी चिनीलाल बरिहा उम्र 50 वर्ष, रविवार, 20 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 11:00 बजे अपने खेत 'अंवरा घुटकुरी' में पत्नी कांती बरिहा, बेटे जयंत बरिहा और दामाद हिरण बरिहा के साथ फसल में दवाई का छिड़काव कर रहे थे, उसी दौरान गांव का ही नरेंद्र निषाद उनके खेत की मेढ़ पर लगे बांस का करील तोड़कर ले जा रहा था.

जब चिनीलाल बरिहा ने नरेंद्र निषाद को मेढ़ से करील तोड़ने से रोका, तो आरोपी उग्र हो गया और मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए उनके पास पहुंच गया, आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे बांस के डंडे से चिनीलाल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे खून से लथपथ हो गए.

घटना होते देख खेत में मौजूद पीड़ित की पत्नी कांती बरिहा, बेटे जयंत बरिहा और दामाद हिरण बरिहा ने दौड़कर बीच-बचाव किया और पीड़ित को बचाया. घटना के बाद पीड़ित किसान ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई.

मामले में पुलिस ने आरोपी नरेंद्र निषाद के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 296 और धारा 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें