कोमाखान : कोमाखान शराब भट्टी के पास लोहे का धारदार हथियार से दहशत फैला रहा बदमाश गिरफ्तार
कोमाखान पुलिस ने शराब भट्टी के पास लोहे का धारदार कटार छुरा लहराकर आने-जाने वाले राहगीरों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16.5 इंच लंबा धारदार कटार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 22 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोमाखान शराब भट्टी नर्रा रोड के पास एक व्यक्ति अपने हाथ में धारदार लोहे का कटार छुरा लेकर हवा में लहरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमकाकर हुल्लड़बाजी कर रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने कन्हैया धीवर व सावंत देवांगन को साथ लिया और मौके पर दबिश दी, जहाँ शराब भट्टी नर्रा रोड के पास एक युवक हाथ में कटार लहराते हुए लोगों को धमकाते मिला.
पूछताछ करने पर उसने अपना नाम गेंदलाल उर्फ नानू यादव पिता सुंदरलाल यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 09 कोमाखान, महासमुंद बताया. आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार कटार जिसकी धार वाले भाग की लंबाई 12 इंच, मुठ की लंबाई 4.5 इंच, कुल लंबाई 16.5 इंच और चौड़ाई 1.5 इंच, अनुमानित कीमत ₹500 जब्त कर लिया गया.
मामले में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 का पाए जाने पर आरोपी गेंदलाल उर्फ नानू यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.