Ganesh Visarjan: झांकियों और विसर्जन को लेकर पुलिस का बड़ा स... - CG Sandesh

Ganesh Visarjan: झांकियों और विसर्जन को लेकर पुलिस का बड़ा सुरक्षा प्लान, 1000 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा

रायपुर। गणेश उत्सव के अंतिम दिनों में निकलने वाली झांकियों और प्रतिमा विसर्जन को लेकर रायपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों के साथ बैठक हुई। इसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था से जुड़े जरूरी निर्देश दिए।विसर्जन और झांकी के दौरान शहर में 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के साथ गोपनीय कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।

निर्धारित स्थान पर ही करना होगा प्रतिमाओं का विसर्जन

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और अन्य प्रतिबंधित जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जित करने पर कार्रवाई की जाएगी और चालान भी काटा जा सकता है।महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड को मुख्य व्यवस्था के तौर पर तैयार किया जा रहा है। छोटी प्रतिमाओं के लिए अलग से अस्थायी कुंड भी बनाए जाएंगे।

महादेव घाट पर गोताखोर से लेकर एंबुलेंस तक रहेंगी तैनात

नगर निगम ने महादेव घाट में विसर्जन व्यवस्था के लिए विशेष समिति गठित की है। 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।विसर्जन स्थल पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे। इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सकेगी।

झांकी रूट पर ड्रोन और कैमरों से होगी निगरानी

डीसीपी अर्चना झा के मुताबिक गणेशोत्सव के अंतिम दिनों में शहर के प्रमुख मार्गों से निकलने वाली झांकियों को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा गोपनीय कैमरों की मदद से भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।प्रमुख चौक चौराहों और झांकी मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की विशेष टीमें लगातार रूट की निगरानी करेंगी।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी रहेंगी मौजूद

झांकियों और विसर्जन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा।संवेदनशील इलाकों में अलग से पुलिस टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगी। पुलिस ने आयोजकों से भी अपने स्तर पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने को कहा है।

झांकियों के समय और रूट में मनमानी पर रोक

बैठक में गणेश उत्सव समितियों को निर्धारित रूट, समय और झांकियों के क्रम का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। झांकी को रास्ते में अनावश्यक रूप से रोकने की अनुमति नहीं होगी।आयोजकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि झांकी में नशे का सेवन न किया जाए। हथियार या किसी तरह की धारदार वस्तु रखने पर भी रोक रहेगी।

डीजे की आवाज और बेस को लेकर आयोजकों को दिए गए निर्देश

ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत ही करना होगा। बैठक में आयोजकों ने साउंड सिस्टम की आवाज निर्धारित मानक के भीतर रखने और बेस तथा वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति जताई।आयोजकों ने पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात भी कही।

सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन की खास चिंता

सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर बैठक में विशेष चर्चा की गई। पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने झांकी के दौरान इन भवनों से जुड़े संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी दी।सुरक्षा के मद्देनजर झांकी रूट में बदलाव का प्रस्ताव भी रखा गया था, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने इस पर असहमति जताई। इसके बाद अन्य सुरक्षा उपायों और नियमों के पालन पर जोर दिया गया।

विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी के लिए तय किया गया अलग मार्ग

महादेव घाट विसर्जन स्थल से प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी के लिए अलग रूट निर्धारित किया गया है। वाहनों को महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 के रास्ते भेजा जाएगा।इस दौरान शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा। सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा।

अम्लेश्वर से आने वाले मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते

अम्लेश्वर से रायपुर की ओर आने वाले मालवाहक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। इनके लिए अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध मार्ग या खुड़मुड़ा-भाठागांव मार्ग का विकल्प रहेगा।

इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य झांकियों और विसर्जन के दौरान भीड़ वाले इलाकों में यातायात का दबाव कम करना और लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखना है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें