बसना : आयुर्वेद दिवस के अवसर पर उमरिया में आयुष स्वास्थ्य मेला संपन्न; 400 से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित
उमरिया | दिनांक: 23/09/2026 आयुर्वेद दिवस के अवसर पर एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा आयुष स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन आज ग्राम पंचायत उमरिया में किया गया। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशवंत चंद्राकर के कुशल मार्गदर्शन एवं शिविर प्रभारी डॉ. रंजना पटेल के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेद दिवस पर आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से ग्रामीणों को गंभीर एवं मौसमी बीमारियों से बचाव व उपचार के गुण सिखाए गए।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएं:
शिविर प्रभारी डॉ. रंजना पटेल की देखरेख में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की एक बड़ी टीम ने मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सा दल में प्रमुख रूप से शामिल रहे:
डॉ. शिवशंकर मांझी (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी)
डॉ. देवेंद्र कुमार नायक (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी)
डॉ. गुलाब चंद्र पटेल (आयुष क्लिनिक सागरपाली )
डॉ. प्रियंका (आयुष चिकित्सक )
उपरोक्त विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा वात रोग, चर्म रोग, स्त्री रोग, उदर रोग और बच्चों के कुपोषण संबंधी समस्याओं के लिए स्वर्णप्राशन कराया आयुर्वेदिक पद्धति से सफल उपचार व परामर्श दिया गया।
फार्मासिस्ट एवं सहायक स्टाफ का विशेष योगदान:
मरीजों के सुचारू पंजीयन और नि:शुल्क दवा वितरण में आयुष विभाग एवं एलोपैथी विभाग के समर्पित स्टाफ ने पूरी मुस्तैदी से कार्य किया। इसमें फार्मासिस्ट गणेशसिंह जगत एवं धरम सिंह ठाकुर द्वारा औषधियों का वितरण किया गया। व्यवस्था संचालन में औषधालय सेवक मनमोहन भास्कर सहित विभाग के अन्य कर्मचारी अघनमोती राजकुमारी नाग,एवं उजागर जगत, एलोपैथी से मुकेश पटेल एम एल टी, सिस्टर ज्योति आदि ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शिविर को सफल बनाया।
शिविर के सफल आयोजन पर ग्राम पंचायत उमरिया के सरपंच हरिराम पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों का आयोजन शासन की 'निरोगी काया' की संकल्पना को साकार करता है। वहीं, शिविर प्रभारी डॉ. रंजना पटेल ने बताया कि, "आज के शिविर में ग्रामीणों का उत्साह अभूतपूर्व रहा। हमने न केवल इलाज किया, बल्कि लोगों को दिनचर्या में योग और शुद्ध खान-पान के महत्व को भी समझाया।"
शिविर की मुख्य उपलब्धियां:
नि:शुल्क परीक्षण व औषधि: शिविर में 400 से अधिक मरीजों का पंजीयन कर उन्हें 357 को आयुर्वेदिक दवाइयां एवं 68 लोगों को एलोपैथी दवा नि:शुल्क दी गईं।
जागरूकता सत्र: ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचने के लिए काढ़ा वितरण और घरेलू औषधियों के बारे में जानकारी दी गई।
उपेन्द्र पटेल, खेमानंद पटेल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आयुष विभाग की इस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के निरंतर आयोजन की मांग की है।