महासमुंद : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृत्व दौर में अंजिता को मिला आर्थिक सहारा
महासमुंद विकासखंड के ग्राम बेमचा की अंजिता निषाद ऐसी ही हितग्राही हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेकर अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता दी है। जिले में अब तक कुल 29019 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है। इनमें से 25 हजार 401 हितग्राहियों का सत्यापन एवं स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जो कुल पंजीकृत हितग्राहियों का 87.5 प्रतिशत है। वर्तमान में 23 हजार 703 हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।
ग्राम बेमचा निवासी अंजिता निषाद को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कुल 5 हजार रुपए का लाभ प्राप्त हुआ। अंजिता बताती हैं कि गर्भावस्था और मातृत्व के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखना आवश्यक होता है। इस मातृत्व के महत्वपूर्ण दौर में योजना के माध्यम से प्राप्त सहायता ने उनके लिए विशेष आर्थिक सहारा प्रदान किया। अंजिता बताती हैं कि उन्होंने प्राप्त सहायता का उपयोग पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं में किया। इससे उन्हें अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने में मदद मिली, साथ ही बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए आवश्यक पोषण पर भी ध्यान केंद्रित कर सकीं।
अंजिता निषाद बताती है कि गर्भावस्था के दौरान उनके क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी गई। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात उनका योजना अंतर्गत पंजीयन कराया गया। पंजीयन के बाद प्रथम किस्त की राशि 3 हजार रुपए सीधे खाते में प्राप्त हुई तथा एवं द्वितीय किस्त की राशि बालक के जन्म के बाद प्रथम टीकाकरण के पश्चात 2 हजार रुपए की राशि खाते में प्राप्त हुई। अंजिता निषाद ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया है।