महासमुंद : टिकरापारा के विद्यार्थियों की शिक्षा छिन्दौली विद्यालय में सुचारू रूप से जारी
जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने बताया कि पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम टिकरापारा में प्राथमिक शाला के बंद होने के संबंध में स्थल निरीक्षण एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर जांच की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम टिकरापारा, ग्राम पंचायत छिन्दौली के अंतर्गत आता है। यहां संचालित प्राथमिक शाला में वर्ष 2014-15 में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या में कमी होने के कारण शासन के निर्देशानुसार विद्यालय को बंद किया गया था।
विद्यालय बंद होने के पश्चात ग्राम टिकरापारा के विद्यार्थियों की शिक्षा समीपस्थ ग्राम छिन्दौली स्थित विद्यालय में जारी है। ग्राम टिकरापारा से ग्राम छिन्दौली की दूरी लगभग 3 किलोमीटर है। उपलब्ध छात्र जानकारी के अनुसार वर्तमान में टिकरापारा के 18 विद्यार्थी छिन्दौली स्थित विद्यालय में अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा पहली से सातवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों का विवरण उपलब्ध अभिलेखों में दर्ज है।
वर्तमान में ग्राम टिकरापारा के विद्यार्थियों की शिक्षा छिन्दौली में संचालित विद्यालय के माध्यम से सुचारू रूप से जारी है। विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए वर्षा ऋतु में मार्ग एवं नाला पार करने से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए संबंधित विभाग एवं उच्च स्तर पर आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा जाएगा।