महासमुंद नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 90 स्वच्छता दीदियों का ... - CG Sandesh

महासमुंद नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 90 स्वच्छता दीदियों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

रक्त, शुगर, बीपी सहित विभिन्न जांचें की गईं, निशुल्क वितरित की गई दवाइयां

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में चलाए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर को जिले के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता दीदियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। स्वच्छता कार्य में निरंतर योगदान देने वाली इन कर्मठ महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इसी कड़ी में महासमुंद नगर पालिका क्षेत्र की स्वच्छता दीदियों के लिए शहर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत कार्यरत लगभग 90 स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा रक्त जांच, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जरूरत के अनुसार एक्स-रे एवं अन्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई तथा चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सुबह से ही अपने कार्य में जुटकर वे घर-घर से कचरा संग्रहण, स्वच्छता जागरूकता और शहर की साफ-सफाई में अपना योगदान देती हैं। उनके इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर उनके स्वास्थ्य की चिंता को भी प्राथमिकता दी गई।

शिविर का लाभ लेने वाली स्वच्छता दीदी माधुरी साहू, लक्ष्मी निर्मलकर, सुलोचना यादव, प्रिया दुबे सहित अन्य स्वच्छता दीदियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि शिविर में रक्त जांच, शुगर एवं बीपी की जांच के साथ एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने चिकित्सकों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया और संबंधित समस्याओं के उपचार के लिए दवाइयां भी प्रदान की गईं।

स्वच्छता दीदियों ने कहा कि रोजमर्रा के काम की व्यस्तता के कारण कई बार वे अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच नहीं करा पाती हैं। ऐसे में कार्यस्थल के नजदीक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलना उनके लिए उपयोगी रहा। उन्होंने इस शिविर के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे अभियान से स्वच्छता के साथ-साथ स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और सम्मान का भी ध्यान रखा जा रहा है।

स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे चिकित्सक डॉ. जी.सी. दीवान ने बताया कि शिविर में लगभग 90 स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान खून की जांच, शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के आधार पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देते हुए जरूरतमंद स्वच्छता दीदियों को दवाइयां भी वितरित की गईं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें