महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 300 सफाई दीदिय... - CG Sandesh

महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 300 सफाई दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं एक्स-रे जांच

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के आदेशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा के निर्देशन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महासमुंद जिले के सभी विकासखंडों तुमगांव, बागबाहरा, बसना, सरायपाली एवं पिथौरा में सफाई दीदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं एक्स-रे शिविरों का आयोजन किया गया।

अभियान के अंतर्गत जिले में कार्यरत लगभग 300 सफाई दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करते हुए आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान सफाई दीदियों की छाती का एक्स-रे कराकर टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग भी की गई। एक्स-रे जांच में टीबी के संभावित लक्षण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थाओं में उचित मार्गदर्शन एवं रेफरल की सुविधा प्रदान की गई।

सफाई दीदियां प्रतिदिन गांवों एवं शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके स्वास्थ्य की देखभाल को प्राथमिकता देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर बीमारी की पहचान, आवश्यक जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सफाई दीदियों का स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें