महासमुंद : जिलेभर में 189 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए एवं हेलमेट वितरित किए गए
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान पहल के तहत परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान, साईबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। महासमुंद में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) महासमुंद में एवं जिले के अन्य विद्यालयों में आयोजन किया गया।
जहां अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति जागरूकता की जानकारी प्रशिक्षणार्थियों को दिए। जिले में जागरूकता के दौरान 189 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। जिसमें महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत 50 लर्निंग लाइसेंस, तुमगांव में 20, बागबाहरा में 15, पिथौरा में 20, बसना में 24 और सरायपाली अंतर्गत 60 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। साथ ही युवाओं को हेलमेट भी प्रदान किया गया।
परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने कहा कि आरटीओ का काम जनता को सड़क दुर्घटना से बचाना है। वाहन चेकिंग कर उन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने के लिए प्रेरित किया जाता है ताकि जनता की मानसिक सोच में खुद की सुरक्षा को लेकर सजगता पैदा हो।
उन्होंने बताया कि आज युवक नशे में वाहन चलाते हैं, उनके बीच सुरक्षा के नियमों की जानकारी देना आवश्कय है। वहीं अन्य अतिथियों ने जानकारी दी कि गाड़ी में सफर के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट पहने। 16 साल की उम्र में बिना गियर की गाड़ी का लाइसेंस और 18 साल की उम्र में गियर वाली गाड़ी का लाइसेंस बनाए। नशे में गाड़ी नहीं चलाये, तेज गाड़ी भी नहीं चलाए, ओवर टेक करना जरूरी हो तो दाये (राइट) ओर से करें। तेज गाड़ी चलाने का प्रतियोगिता नहीं करें। मोबाइल में बात करते हुए गाड़ी नहीं चलाये। दो गाड़ी के बीच से बाईक या कार आगे नहीं बढ़ाएं। सिग्नल का उपयोग कर गाड़ी चलाये। गाड़ी की बीमा कराएं। इस अवसर पर हेलमेट वितरण किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि आधुनिक डिजिटल युग में फिशिंग, यूपीआई धोखाधड़ी, क्रेडिट, डेबिट कार्ड फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, बैंकिंग जानकारी की चोरी और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इनसे बचने के लिए साइबर जागरूकता ही सर्वोत्तम सुरक्षा है। अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। अपना ओटीपी, पिन, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। केवल सत्यापित एवं आधिकारिक ऐप और वेबसाइट का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग से जुड़े संस्था शांति मैत्री ग्रामीण विकास के अध्यक्ष मनोज साहू ने कहा कि नशा करके वाहन चलाने वाले से सावधान रहें। समाज कल्याण से जुड़े नशा मुक्ति केंद्रों का उद्देश्य है कि पूरा भारत नशा मुक्त हो। इसके लिए नशा से ग्रस्त व्यक्तियों को आध्यात्मिक मोटिवेशन और मेडिटेशन के माहौल में रखने से उनका नशा दूर किया जाता है। इस दौरान युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में परिवहन विभाग से रामभरोस निर्मलकर, समाज कल्याण से विजय सिन्हा, यातायात पुलिस से हरीश कंवर, प्राचार्य डाइट अरुण प्रधान ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य उमा देवी शर्मा सहित डाइट के ईश्वर चंद्राकर, संतोष साहू, किरण कन्नौजे, सुलभा द्विवेदी, दुर्गा सिन्हा, तिलोतमा प्रधान सहित बड़ी संख्या में डाइट के प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।
जिले के 8 विद्यालय एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महासमुंद, रामचण्डी काॅलेज सरायपाली, भीमराव अम्बेडकर काॅलेज बलौदा, वीरेन्द्र बहादुर काॅलेज सरायपाली, सरस्वती शिशु मंदिर बसना, चंद्रपाल डडसेना काॅलेज पिथौरा एवं सरस्वती शिशु मंदिर तुमगांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा लर्निंग लाइसेंस बनाने इन्हीं स्थलों पर शिविर भी आयोजित किया गया।