पिथौरा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्... - CG Sandesh

पिथौरा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के संकल्प से, ग्राम बिजेपुर के 142 घरों तक नल से पहुंच रहा शुद्ध पेयजल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का मूल भाव जनसेवा, सुशासन और आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाना रहा है। इसी सेवा संकल्प को धरातल पर साकार करते हुए जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य कर रहा है। महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतेकेल के आश्रित ग्राम बिजेपुर में भी जल जीवन मिशन ने ग्रामीण जीवन में नई सुविधा और नई उम्मीद का संचार किया है। 7 सितंबर 2026 को बिजेपुर में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण हुआ।

बिजेपुर में कुल 142 घर हैं। अब जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार तक घरेलू नल कनेक्शन पहुंचने से पानी की सुविधा ग्रामीणों की चौखट तक पहुंच गई है। इससे महिलाओं और बच्चों को पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम से राहत मिली है। साथ ही ग्राम पंचायत उतेकेल के आश्रित ग्राम बिजेपुर में संचालित स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में भी नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। इससे बच्चों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए स्वच्छ जल आसानी से उपलब्ध हो रहा है।

बिजेपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 57.79 लाख रुपये की लागत से जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की गई है। योजना के तहत 40 किलोलीटर क्षमता एवं 12 मीटर स्टेजिंग वाले उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण किया गया है। साथ ही क्लोरीनेटर रूम स्थापित कर क्लोरीनेटर मशीन सिस्टम लगाया गया है, जिससे जल को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने की व्यवस्था की गई है। गांव में जल वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 2120 मीटर पाइपलाइन का विस्तार किया गया है। जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी स्थानीय स्तर पर व्यवस्था विकसित की गई है। बिजेपुर में पांच जल बहिनियों द्वारा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल परीक्षण किया जाता है।

योजना के संचालन और रखरखाव में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक घर से 60 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने का निर्णय लिया गया है। यह राशि समिति के बैंक खाते में जमा होगी, जिससे भविष्य में योजना के संचालन और रखरखाव में ग्रामीणों की सहभागिता बनी रहेगी। नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए श्री धर्मराज बारिया को पंप ऑपरेटर नियुक्त किया गया है। वे सुबह और शाम निर्धारित समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। बिजेपुर में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य सरपंच जानकी नाग एवं सचिव उमाशंकर भोई के मार्गदर्शन में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।

बिजेपुर की स्कूली छात्रा यामिनी यादव बताती है कि पहले उन्हे और उनके परिवार को घरेलू जरूरतों के लिए दूसरे स्थानों से पानी लाना पड़ता था। इसमें काफी समय और मेहनत लगती थी तथा कई बार पानी की व्यवस्था के कारण उनकी दिनचर्या और पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब घर में नल से पानी मिलने लगा है। बचा हुआ समय पढ़ाई में लग रहा हैं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें