सांकरा में 12 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ओडिशा कत्लखाने ले जा... - CG Sandesh

सांकरा में 12 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ओडिशा कत्लखाने ले जाते एक तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध गो-तस्करी कर क्रूरतापूर्वक मारपीट करते हुए 12 नग मवेशियों गाय, बैल व बछड़े को वध के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ से ओडिशा ले जाया जा रहा था. जिसे स्थानीय युवाओं ने घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा.

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 सांकरा निवासी हिमांशु प्रधान (19 वर्ष) को 13 अक्टूबर 2026 की दोपहर लगभग 02:30 बजे सूचना मिली कि दो व्यक्ति बड़ी संख्या में मवेशियों को मारते-पीटते हुए ग्राम झग्रेनडीह से सांकरा के रास्ते कत्लखाने ले जाने के इरादे से ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं.

सूचना मिलते ही हिमांशु प्रधान अपने साथियों डिगेश यादव और मोहित साहू के साथ संत अन्ना चौक पहुँचे और इंतजार करने लगे. कुछ ही देर में दो व्यक्ति मवेशियों को हांकते हुए आते दिखे.
युवाओं को अपनी ओर आता देख मवेशी ले जा रहा एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को युवाओं ने घेराबंदी कर रोक लिया. पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सुरेंद्र साहू (50 वर्ष), पिता चतुर्भुज साहू, निवासी छुवालीपतेरा (थाना सांकरा) बताया. उसने भागने वाले अपने साथी का नाम ऋषि चौहान (निवासी छुवालीपतेरा) बताया.

मौके से कुल 12 नग मवेशी (03 गाय, 06 बैल और 03 बछड़े) बरामद किए गए. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वे इन सभी मवेशियों को कत्ल करने के इरादे से ओडिशा ले जा रहे थे.

मामले में सांकरा पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र साहू और फरार आरोपी ऋषि चौहान के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें