सांकरा : किसान के खेत से चोरी हुई मोटर बेचने की फिराक में था आरोपी, पकड़ाया
थाना सांकरा अंतर्गत ग्राम बगारदरहा स्थित खेत के मकान से सिंचाई का मोटर पंप चोरी होने का मामला सामने आया है. किसान की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से चोरी का माल सहित आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धरमपुर निवासी किसान जसकेतन पण्डा (उम्र 44 वर्ष), पिता सीताराम पण्डा का खेत ग्राम बगारदरहा में स्थित है, जहाँ खेत में सिंचाई कार्य हेतु एक ट्यूबवेल लगा है तथा खेत के मकान के अंदर सुरक्षा के दृष्टिकोण से 2 HP की 'लक्ष्मी' कंपनी का पुराना ट्यूबवेल मोटर पंप कीमत लगभग ₹9,000 रखा हुआ था.
जिसे 12 अक्टूबर 2026 की रात 11:00 बजे से 13 अक्टूबर की सुबह 10:00 बजे के मध्य अज्ञात चोर ने खेत में बने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखा मोटर पंप चोरी कर लिया. 13 अक्टूबर की सुबह जब जसकेतन खेत पहुँचा, तो ताला टूटा मिला और अंदर रखी मोटर नदारद थी.
घटना के बाद आसपास पतासाजी शुरू की, तो ग्राम बगारदरहा के ग्रामीण बनमाली भोई ने बताया कि गांव का ही सुधीर यादव उसके पास एक मोटर पंप बेचने के लिए लाया था. सूचना मिलते ही पीड़ित जसकेतन पण्डा, प्रमोद भोई और नारायण नाई के साथ बनमाली के घर पहुँचे और वहाँ से आरोपी सुधीर यादव के घर गए. सुधीर के घर में चोरी गया 'लक्ष्मी' कंपनी का मोटरपंप रखा हुआ मिला, जिसकी पहचान की गई.
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को कॉल कर पुलिस को बुलाया और आरोपी सुधीर यादव को पुलिस के सुपुर्द किया. मामले में आरोपी सुधीर यादव पिता: जैमल यादव, निवासी बगारदरहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(1) और 331(4) के तहत अपराध कायम किया गया.