Crime News: रेलवे ट्रैक पर मिला पटवारी का शव, पार्किंग में क... - CG Sandesh

Crime News: रेलवे ट्रैक पर मिला पटवारी का शव, पार्किंग में कार के अंदर मृत मिले दोनों बच्चे

 मध्य प्रदेश : नर्मदापुरम जिले में एक पटवारी और उसके दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पटवारी का शव मिला, जबकि स्टेशन परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार से उसके दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक पटवारी रायसेन जिले के उदयपुरा में पदस्थ था।

रेलवे ट्रैक पर मिला पटवारी का शव

यह घटना रविवार, 18 अक्टूबर की बताई जा रही है। दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पिपरिया रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान रायसेन जिले के अलीगंज गांव निवासी पटवारी अजय धाकड़ के रूप में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय धाकड़ की मौत संघमित्रा एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई। घटनास्थल पर उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के चाचा प्रताप सिंह धाकड़ को दी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और दोनों बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई जाने लगी।

स्टेशन की पार्किंग में कार से मिले दोनों बच्चों के शव

पटवारी की मौत की सूचना मिलने के बाद पता चला कि उनके दोनों बच्चे भी लापता हैं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। शाम करीब 6 बजे पिपरिया रेलवे स्टेशन परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए।

मृत बच्चों की पहचान शिवम और समर्थ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, समर्थ नौवीं कक्षा में और शिवम छठी कक्षा में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि अजय धाकड़ दोनों बच्चों को फिल्म दिखाने के लिए गांव से पिपरिया लेकर आए थे।

पुलिस को बच्चों की गर्दन पर निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में गला घोंटे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पिपरिया के एसडीओपी आशीष कुमार के अनुसार, दोनों बच्चों के गले पर निशान पाए गए हैं, जो गला घोंटे जाने की आशंका की ओर संकेत करते हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पटवारी अजय धाकड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना से पहले क्या कुछ हुआ था। बच्चों की मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें