बसना : फूलझड़ी आर्केस्ट्रा में मारपीट और चाकू से हमला, 5 पर ... - CG Sandesh

बसना : फूलझड़ी आर्केस्ट्रा में मारपीट और चाकू से हमला, 5 पर मामला दर्ज

भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम पुरुषोत्तमपुर में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान हुड़दंग, अश्लील गाली-गलौज और चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चनाट निवासी प्रार्थी यश पटेल (17 वर्ष) 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:00 बजे ग्राम पुरुषोत्तमपुर के स्कूल मैदान में आयोजित 'फूलझड़ी आर्केस्ट्रा' कार्यक्रम देखने गया था, जहाँ उसकी मुलाकात अपने साथी यतार्थ पटेल से हुई.

कार्यक्रम के दौरान अचानक हो-हल्ला शुरू हो गया और पुरुषोत्तमपुर के कुछ युवक यतार्थ पटेल के साथ मारपीट करने लगे.

जब प्रार्थी यश पटेल ने अपने साथी को बचाने के लिए बीच-बचाव किया, तो आरोपी प्रेमप्रकाश साहू, राज चंद्राकर, पवन साहू, टिकेश्वर साहू और डिगेश्वर साहू ने एकराय होकर माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देना और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया.

इसी बीच आरोपी राज चंद्राकर ने अपनी जेब से चाकू निकालकर वार कर दिया. प्रार्थी ने खुद को बचाने के लिए बायाँ हाथ आगे किया, जिससे चाकू उसकी कलाई पर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा आरोपियों ने एक अन्य युवक जयलाल कर्ष के साथ भी मारपीट कर चोट पहुँचाई.

घटना के समय मौजूद विनय चौधरी और यतार्थ पटेल ने पूरी वारदात देखी, वहीँ यश पटेल ने फोन पर अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने मौके पर पहुँचकर डायल 112 को सूचित किया.

मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमप्रकाश साहू, राज चंद्राकर, पवन साहू, टिकेश्वर साहू और डिगेश्वर साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2, 118(1), 191(2), 296 और 351(2)के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना में लिया.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें