नाबालिग का गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार, भ्रूण को अरपा नदी में फेंककर मिटाए सबूत! पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाबालिग बच्ची के गर्भपात और सबूत मिटाने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर को बच्ची के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने उसका गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को अहम साक्ष्य मानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने का भी आरोप है। मामले की जानकारी पुलिस को नहीं देने की बात भी जांच में सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी डॉक्टर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शादी का झांसा देकर नाबालिग से बनाए संबंध
मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) पर दिसंबर 2023 से एक नाबालिग बच्ची को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान बच्ची गर्भवती हो गई। आरोप है कि गणेश सोनी ने एक महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में उसका गर्भपात कराया था।पुलिस ने इस मामले में गणेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था।
जांच में महिला डॉक्टर की भूमिका आई सामने
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तलाश और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
विवेचना के दौरान उसलापुर निवासी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43) से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि जांच में गर्भपात कराने में उसकी भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।
भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट करने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, महिला डॉक्टर को इस बात की जानकारी थी कि पीड़िता नाबालिग है। इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप है कि इसके बाद मामले से जुड़े अहम साक्ष्य को छिपाने के उद्देश्य से भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। पुलिस को घटना की सूचना नहीं देने का आरोप भी डॉक्टर पर लगाया गया है।
13 नवंबर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन धाराओं के तहत दर्ज है मामला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238 और 3(5) के अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत अपराध दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस प्रकरण में आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना बाकी है।