सरायपाली : बैदपाली में धूमधाम से मनाया गया गिरी गोवर्धन पूजा... - CG Sandesh

सरायपाली : बैदपाली में धूमधाम से मनाया गया गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव, हजारों की संख्या में उमड़ी मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं की भीड़

यादवी संस्कृति, भक्ति संगीत और सामाजिक एकता का दिखा अनूठा संगम

ग्राम बैदपाली में युवा यादव समाज एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण रहा। आयोजन में हजारों की संख्या में माताओं, बहनों, सामाजिक बंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में माताओं एवं बहनों ने सिर पर कलश धारण कर गांव की गलियों एवं चौक-चौराहों से होते हुए पूजा स्थल तक यात्रा निकाली। यादवी कला, पारंपरिक दोहों, आतिशबाजी एवं गाजे-बाजे के साथ निकली इस भव्य यात्रा में गोवर्धन महाराज के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। कलश यात्रा में महिलाओं एवं बहनों की हजारों की संख्या में सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

तत्पश्चात पंडित नरेंद्र पाणिग्राही एवं उनके सहयोगियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक गिरी गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कराई गई। पूजा में सात दंपति जोड़ों ने भाग लिया। इसके पश्चात हवन, महाआरती, गौभोजन एवं ब्राह्मण भोजन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का मुख्य द्वार पर आतिशबाजी एवं गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों के चरण धोकर, तिलक लगाकर एवं सम्मानपूर्वक अगवानी कर उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेनका प्रधान, अपर कलेक्टर (छत्तीसगढ़ शासन) एवं श्रीमती आरती प्रधान, सरपंच बैदपाली रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरीश मलिक बैदपाली ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मगधा यादव समाज सरायपाली के अध्यक्ष हीराधर बगर्ती, प्रांतीय सचिव दुर्वादल दीप, जिला सचिव ओम प्रकाश छत्रपति, संरक्षक नीलांबर भोई, कार्यकारी अध्यक्ष फकीर कठार, ब्लॉक कोषाध्यक्ष विजय महाकुर, शाखा सभा देवलभाटा अध्यक्ष कृष्ण चंद्र टाणी, सलाहकार प्रकाश यादव, सदस्य जन्मजय यादव, पूर्व सरपंच प्रसन्न प्रधान, पूर्व सरपंच महेश भोई, शबर संवरा समाज के प्रांतीय कोषाध्यक्ष युवराज रावल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सरायपाली अमृत पटेल, अरक्षित प्रधान, कान्हु बुड़ेक, युवा यादव समाज उपाध्यक्ष राधेश्याम यादव, संरक्षक प्रहल्लाद मलिक, सचिव गोपाल नाग, भूपेश यादव एवं धनुर्जय यादव सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने दिया शिक्षा, एकता एवं सामाजिक संगठन का संदेश

उद्बोधन की कड़ी में मुख्य अतिथि श्रीमती मेनका प्रधान ने यादव समाज की एकता, बालिका शिक्षा एवं गिरी गोवर्धन महोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। सरपंच श्रीमती आरती प्रधान ने आयोजन में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी एवं महिला सशक्तिकरण की सराहना करते हुए युवा यादव समाज को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

मगधा यादव समाज के प्रांतीय सचिव दुर्वादल दीप ने सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, पारंपरिक व्यवसाय को संरक्षित रखने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। पूर्व सरपंच प्रसन्न प्रधान ने गिरी गोवर्धन पूजा के धार्मिक महत्व एवं लाभ पर विचार व्यक्त किए। पूर्व सरपंच महेश भोई ने युवा यादव समाज एवं ग्रामवासियों को आयोजन की सफलता पर बधाई दी।

कार्यकारी अध्यक्ष फकीर कठार ने पौराणिक कथा के माध्यम से गोवर्धन पूजा के महत्व एवं उसके संदेश को विस्तार से बताया। वहीं शबर संवरा समाज के प्रांतीय कोषाध्यक्ष युवराज रावल ने गोवर्धन पूजा की परंपरा एवं शिक्षित समाज के निर्माण पर अपने विचार रखे।

महाप्रसाद भंडारा एवं भजन-कीर्तन ने बांधा समां

महोत्सव में सभी श्रद्धालु भक्तों के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में ओडिशा के पेटूपाली से पधारी गायिका पूजा मलिक एवं वादक देवराज विशाल तथा छत्तीसगढ़ से गायिका अंजली यादव एवं वादक मंगल दास भगत सरायपाली का पुष्पहार एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

गायक-वादकों एवं उनके साथियों द्वारा आयोजित कीर्तन बैठकी में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। पूरा पूजा स्थल मानो ब्रजधाम में परिवर्तित हो गया। दर्शकों ने तालियों एवं नगद राशि भेंटकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

सफल आयोजन में ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान

कार्यक्रम का संचालन गजानंद,ताराकांत यादव एवं ओम प्रकाश छत्रपति ने किया। आयोजन को सफल बनाने में बलदेव, संजीव,खगेश, रोहन, गोलू, पिंटू,संजय, कामेश,रिनू ,विकास, गजानंद ,उत्तर, बनबस, पीतांबर,डिग्री, अजीत,विक्रमादित्य, राजेन,शुभम, बिट्टू,नंदलाल, हबीब, दही, कार्तिक ,पोरो,आमीर,अमन, मुंडू, नरोत्तम, धीरज, बबलू, शिशुमणी, गुलाब,शिवा, सिद्धार्थ,अमित, राजकुमार ,किशोर,संतराम, पंचानन,विवेक, तेजू,उत्तम यादव एवं युवा यादव समाज के सदस्यों सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, मातृशक्ति की भागीदारी एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देते हुए गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें