बसना : माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विभाग का अभिभावक सम्मेलन सम्पन्न
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण
बसना। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में 15 नवम्बर 2026 को माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विभाग का अभिभावक सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। तत्पश्चात समिति पदाधिकारियों एवं उपस्थित अभिभावकों का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कक्षा नवम की बहन पूर्वी साव ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना तथा उनकी प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाना रहा। चर्चा सत्र में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति, अनुशासन, संस्कार, नैतिक विकास एवं नियमित अध्ययन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर रमेश कर जी ने कहा कि वर्तमान शिक्षा पद्धति में सुधार की आवश्यकता है। मैकाले की शिक्षा पद्धति में बदलाव करते हुए शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों को महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय में दी जा रही ओड़िया भाषा की शिक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं अच्छे आचरण का विकास करना भी है।
नीरज दास ने कहा कि विद्यालय बच्चों को अनुशासन, एकता एवं विभिन्न क्षेत्रों का ज्ञान प्रदान करता है। पालक, बालक और शिक्षक के बीच बेहतर समन्वय से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने मोबाइल के बढ़ते उपयोग एवं डिजिटल माध्यमों की ओर बच्चों के बढ़ते रुझान पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही शिक्षा के साथ खेलकूद को भी बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक बताया।
विद्यालय समिति के अध्यक्ष श्री रामचंद्र अग्रवाल ने कहा कि अभिभावकों को घर पर बच्चों के लिए पर्याप्त समय निकालना चाहिए। उनसे नियमित बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझना तथा आत्मीय संबंध बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों की कॉपियाँ प्रतिदिन जाँचने, उन्हें घर पर पढ़ाने तथा उनकी शैक्षिक प्रगति पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही परिवार में आपसी भाईचारा बनाए रखने, सपरिवार भोजन करने तथा बच्चों को प्रेमपूर्ण एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने पर जोर दिया।
सम्मेलन में अभिभावक संपर्क के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि अभिभावक संपर्क का उद्देश्य केवल बच्चों की पढ़ाई की जानकारी देना नहीं, बल्कि उनके व्यवहार, संस्कार, रुचि, प्रतिभा एवं दिनचर्या को समझना भी है। अभिभावकों से अपने बहुमूल्य सुझाव एवं विचार साझा करने का आग्रह किया गया, ताकि विद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्कारमय गतिविधियों को और बेहतर बनाया जा सके।
अभिभावकों से विशेष आग्रह किया गया कि वे बच्चों को प्रतिदिन पर्याप्त समय दें, उनके साथ बैठकर पढ़ाई एवं दिनचर्या की जानकारी लें, मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचाएँ तथा उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करें। साथ ही विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएँ।
सम्मेलन के अंत में विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के संस्कारों को सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थी संस्कारवान, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि बच्चा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। आज का संस्कारित बालक ही कल के सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र का निर्माता बनेगा।
विद्यालय समिति के व्यवस्थापक रघुवीर प्रसाद श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि अपने पाल्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए l
कार्यक्रम में विद्यालय समिति के जितेंद्र अग्रवाल, पुष्पलता साव एवं ललिता रात्रे, प्राचार्य धनुर्जय साहू , प्रधानाचार्य प्रवेश प्रधान सहित कुल 86 अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी एवं भृत्यों का विशेष सहयोग रहा।