बसना : नानकसागर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा, सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन एवं सार्वजनिक उद्यान भी बनेगा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गढ़फूलझर आने वाले समय में एक पवित्र धाम के रूप में विकसित होने जा रहा है। यह छत्तीसगढ़ राज्य का सौभाग्य है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था। उस समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। आज उस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसका स्वर्णिम विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्व समाज के लिए एक ऐसा पवित्र धाम विकसित करने की दिशा में प्रयास हो रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी एवं परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। समाज द्वारा संचालित लंगर परंपरा इस संदेश का जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को सशक्त करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फूलझर और नानकसागर का विकास इसी भावना के अनुरूप किया जा रहा है। नानकसागर आज अपनी पहचान और प्रसिद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन एवं सार्वजनिक उद्यान निर्माण की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर एवं नानकसागर का सर्वांगीण विकास कर इसे पर्यटन, अध्यात्म और सामाजिक सद्भाव के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यहां की ऐतिहासिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी।
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, सिख समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।