महासमुंद : खेत बचाओ अभियान के तहत 10 ग्राम पंचायतों में कृषक... - CG Sandesh

महासमुंद : खेत बचाओ अभियान के तहत 10 ग्राम पंचायतों में कृषक चौपाल एवं संगोष्ठी आयोजित

रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति किसानों को किया गया जागरूक

कृषि विभाग द्वारा जिले में 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आज जिले की 10 ग्राम पंचायतों एवं सहकारी समितियों में कृषक चैपाल एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के सीमित एवं संतुलित उपयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा मिट्टी की उर्वरता और कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के प्रति किसानों में जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के तहत विकासखंड महासमुंद के नरतोरा, बागबाहरा के बकमा एवं पटपरपाली, पिथौरा के राजपुर एवं पिरदा, बसना के रसोडा एवं रोहिना तथा सरायपाली के रूढ़ा एवं नतहारीपानी सहित कुल 10 ग्राम पंचायतों एवं सहकारी समितियों में कृषक चैपाल आयोजित की गई। इसमें किसानों को मिट्टी की सेहत, मृदा परीक्षण, फसल अवशेष प्रबंधन, जलसंरक्षण तथा दलहनी एवं तिलहनी फसलों के उत्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित होती है। इसे ध्यान में रखते हुए किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड की अनुशंसा के अनुरूप उर्वरकों का उपयोग करने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती की पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। चैपाल में हरी खाद, नील-हरित काई, जैव उर्वरक, जैविक खाद, सूक्ष्म पोषक तत्वों तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही यूरिया एवं डीएपी के संतुलित उपयोग तथा उनके विकल्पों के संबंध में भी चर्चा की गई।

किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर उड़द, मूंग, मूंगफली, सरसों, चना, मसूर, मटर एवं तिवड़ा जैसी दलहनी एवं तिलहनी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इन फसलों के उत्पादन, बीज की मांग एवं उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन एवं उपयोग करने तथा जल के समुचित संरक्षण पर जोर दिया गया।

उप संचालक कृषि ने बताया कि खेत बचाओ अभियान अंतर्गत ग्राम एवं विकासखंड स्तर पर कृषक चौपालों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि कृषि उत्पादन की गुणवत्ता और मिट्टी की प्राकृतिक उपजाऊ क्षमता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सके।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें