news-details

गांधी विचार पदयात्रा से गांव की गलियां हुई गांधी मय, गांव-गांव में चल रही है गांधी विचार पदयात्रा

महासमुन्द 14 अक्टूबर 2019/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर गांधी विचार पदयात्रा का आयोजन जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में किया जा रहा है। इसी तारतम्य में जिले के अन्य विकासखण्डों के समान सरायपाली विकासखण्ड के गांव-गांव में भी जनप्रतिनिधि पहुंचकर गांधी के आदर्श के साथ पदयात्रा में सहभागिता कर रहें है। विकासखण्ड मुख्यालय में गांधी पदयात्रा सहित लोंगों ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों और देश हित के उद्देश्यों के साथ गांधी विचार पदयात्रा के महत्व से सभी को अवगत कराया।

पदयात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि विभिन्न ग्रामों और शहरी क्षेत्र के अलग-अलग वार्ड में भ्रमण कर रहे हैं। आज विकासखण्ड सरायपाली के ग्राम मुड़िपार सहित अन्य गांवों में सरायपाली विधायक श्री किस्मतलाल नन्द के नेतृत्व में लोगों ने बड़ी संख्या में गांधी विचार पदयात्रा में भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि गांधी जयन्ती के अवसर पर गांधी विचार पद यात्रा का शुभारंभ धमतरी जिला के कंडेल से प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शुरू किया गया था जो अब पूरे प्रदेश में व्याप्त हो गया है। आज भवरपुर छुई पाली सरायपाली सहित  विकासखण्ड में गांधी विचार पदयात्रा के तहत ग्रामीणों को गांधी के आदर्शों से अवगत कराया गया।




अन्य सम्बंधित खबरें