केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने चीन में जलवायु परिवर्तन पर बैठक में की शिरकत
चीन के बीजिंग में चल रही बेसिक देशों- ब्राज़ील, दक्षिण अफ़्रीका, भारत और चीन के मंत्रियों की जलवायु परिवर्तन पर बैठक ख़त्म हो गई है. केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने चीन, दक्षिण अफ़्रीका और ब्राज़ील के मंत्रियों के साथ दो-दिवसीय बैठक में हिस्सा लिया.
बैठक ख़त्म होने के बाद बेसिक देशों ने एक संयुक्त बयान जारी किया. जिसमें विकसित देशों से पेरिस समझौते के तहत की गई प्रतिबद्धता का पालन करने और विकासशील देशों को धन और प्रौद्योगिकी मुहैया कराने की अपील की गई है.
संयुक्त बयान में बेसिक देशों ने ज़ोर देकर कहा कि वैश्विक स्तर पर जलवायु कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए कि जलवायु न्याय को बढ़ावा मिले. इसके लिए यह समझने की ज़रूरत है कि आर्थिक प्रगति और सतत विकास का लाभ पाने के लिए सभी लोग बराबर हैं.
बेसिक देशों ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए लोगों की भागीदारी और जलवायु-अनुकूल जीवनशैली की ज़रूरत पर बल दिया.