नए भारत में नामुमकिन कुछ भी नहीं: पीएम - CG Sandesh

नए भारत में नामुमकिन कुछ भी नहीं: पीएम

प्रधानमंत्री मोदी 3 दिन की थाईलैंड की यात्रा पर हैं जहां वो आसियान सदस्य देशों के सम्मेलन, पूर्वी एशिया सम्मेलन और आरसेप की बैठक में शिरकत करेंगे। ये प्रधानमंत्री की थाईलैंड की पहली अधिकारिक यात्रा भी है। इससे पहले वे थाईलैंड नरेश के निधन पर संवेदना व्यक्त करने के लिए तीन साल पहले थाईलैंड गए थे।

दौरे के पहले दिन आज प्रधानमंत्री ने थाईलैंड में रहने वाले भारतीयों से मुलाक़ात की। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम स्वास्दी पीएम मोदी में उन्होने उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक के प्रवासी भारतीयों से मुलाक़ात की। प्रधानमंत्री से मिलने के लिए लोग पारंपरिक परिधानों में नज़र आए।

प्रधानमंत्री ने गुरुनानक देव जी की 550 जयंती के मौक़े पर स्मारक सिक्के भी जारी किए। प्रधानमंत्री ने नानकदेव जी को मानवता का धरोहर बताया। उन्होने करतारपुर कॉरिडोर के इसी महीने खुलने पर भी ख़ुशी ज़ाहिर की।

उन्होने संत थिरु वल्लुवर की महान कृति थिरुक्कुराल का विमोचन किया जिसका थाई में अनुवाद किया गया है।

प्रधानमंत्री ने प्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि थाईलैंड से भारत के रिश्ते इतिहास ने ख़ुद बनाए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुवर्णभूमि और जम्बूद्वीप का पौराणिक काल से संबंध है। यही वजह है कि थाईलैंड के कण-कण में भारतीयता रची बसी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राम की मर्यादा और भगवान बुद्ध की करूणा की साझा विरासत के सांस्कृतिक सेतू आज भी दोनों देशों के बीच मौजूद है।

उन्होंने कहा कि देश में 60 साल में दूसरी बार 2019 में भारतीय जनमानस ने सरकार को पूर्ण बहुमत से दोबारा चुना है। नए भारत में आशाएं आकाक्षांए बढ़ गईं हैं और 130 करोड़ भारतवासी नए भारत के निर्माण के लिए जुट गए हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब नामुमकिन जैसा शब्द नहीं है। अब ऐसे फैसले भी लिए जाते हैं जो कभी असंभव लगते थे। प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि अभी हाल में ही लिए गए फैसले से आतंक और अलगाव के एक बड़ी वज़ह को भी भारतीय संसद ने विदा कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का आसियान देशों के साथ संबंधों को बढ़ावा देना एक्ट ईस्ट पॉलिसी का हिस्सा है। उन्होने कहा कि भारत फिज़िकल कनेक्टिविटी के साथ डिजिटल कनेक्टिविटी को भी आसियान देशों में बढ़ावा देने का काम कर रहा है।


अन्य सम्बंधित खबरें