कश्मीर घाटी में तीन महीने बाद दोबारा शुरू हुई रेल सेवा
संघ शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में हालात बेहतर करने और जनता को सहूलियतें मुहैया कराने को लेकर पूरा तंत्र काम कर रहा है. मंगलवार को घाटी में 3 महीने बाद रेल सेवाएं शुरू हो गईं. वहीं सुरक्षा दलों का आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी है. गांदरबल जिले में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया और सेना का एक जवान घायल हो गया.
कश्मीर घाटी के लोगों के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा. घाटी में करीब तीन महीनों से बंद पड़ी रेल सेवाएं फिर से शुरू हो गईं. हालांकि अभी एहतियात के तौर पर सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक केवल दो जोड़ी ट्रेनें ही श्रीनगर से बारामूला के बीच चलाई गई हैं. जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से ही घाटी में ट्रेन सेवाएं निलंबित चल रही थीं. जिससे कश्मीर वादी में रहने वाले लोगों को सफर करने काफी दिकक्तों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब दोबारा रेल सेवा बहाल होने से घाटी के लोग और वहां आने वाले पर्यटक काफी खुश है.
कश्मीर घाटी में रेल सेवा दोबारा बहाल करने के लिए रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को श्रीनगर से बारामूला के बीच ट्रेन का ट्रायल किया था. जिसके बाद मंगलवार से वादी में श्रीनगर और बारामूला के बीच ट्रेनें फिर से रफ्तार भरने लगी. केंद्र सरकार ने भी कहा है कि राज्य में हालात अब सामान्य हैं और जल्दी ही लोगों के लिए और भी तमाम विकास कार्य शुरू होंगे.
इस बीच जम्मू कश्मीर के शिक्षकों का एक दल मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मिला और अपनी समस्याएं रखीं. जितेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य में माहौल बदल गया है और अब तेजी से काम हो रहे हैं.
इस बीच राज्य में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी है. गांदरबल जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया और सेना का एक जवान घायल हो गया.