उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और भारी बर्फबारी का सिलसिला जारी
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और भारी बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पारा गिरा, हिमाचल प्रदेश में प्रशासन ने स्थानीय निवासी और सैलानियों को हिमस्खलन वाले इलाकों में जाने से बचने की दी सलाह.
देशभर में सर्दी का सितम जारी है और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी भी हो रही है। फिलहाल ठंड से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, आने वाले समय में यह और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 15 और 16 दिसंबर को उत्तर भारत और मध्यपूर्व के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर की स्थिति पैदा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में सैलानियों को मौसम साफ होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। आज हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर के निचली इलाकों के दो जिले डोडा और किश्तवाड़ में भारी बर्फबारी हुई। डोडा जिला प्रशासन ने लोगों को हिमस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
भारी बर्फबारी के कारण दोनों जिलों से जुड़ी मुख्य सड़कें अवरुद्ध रही और भूस्खलन के कारण बटोट-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग भी यातायात के लिए बंद रहा। इस बीच बर्फबारी ने कारण इन जिलों के अधिकांश इलाकों में बिजली भी गायब रही।