दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर कुछ स्थानों पर धारा 144 लगाई गई
मौजूदा स्थिति के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में कुछ स्थानों पर लगाई गई धारा 144. दिल्ली पुलिस ने किया लोगों से अनुरोध, कहा निर्धारित स्थानों पर ही करें विरोध प्रदर्शन. कर्नाटक, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी सुरक्षा उपायों को किया गया मजबूत.
राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर कुछ स्थानों पर धारा 144 लगाई गई है तो वहीं कुछ मेट्रो स्टेशनों को इसके चलते बंद रखा गया है। जामिया, जसोला विहार शाहीन बाग, मुनरीका स्टेशन, वसंत विहार और मंडी हाउस पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दिया गया है। इसके अलावा लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और विश्व विद्यालय पर भी ट्रेन नहीं रुकेगी। साथ केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान और खान मार्केट भी बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है और निर्धारित स्थानों पर ही विरोध प्रदर्शन करने को कहा है।
नागरिकता संशोधन कानून पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कर्नाटक में तीन दिनों तक के लिए धारा 144 लगा दी गई है। गौरतलब है कि आज बेंगलुरु में बड़े विरोध-प्रदर्शन की तैयारी की गई थी। बैंगलुरु के नगर आयुक्त भाष्कर राव ने कहा कि शहर में शांति बनाए रखने के लिए किया गया है। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदयुरप्पा ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
प्रदर्शनों के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश पुलिस ने राज्य में धारा 144 लगा दी है। डीजीपी ओपी सिंह ने देर रात बताया कि आज प्रदेश में धारा 144 लागू रहेगी और किसी भी सभा के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को विरोध प्रदर्शनों से दूर रखें।