डीजल 17 पैसे, पेट्रोल 15 पैसे महंगा, ईरान-अमेरिका तनाव के बीच कच्चा तेल 70 डॉलर के ऊपर
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच भारत में तेल वितरण
कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल के दाम प्रति लीटर कमश: 15 पैसे और
17 पैसे बढ़ा दिए।
अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव के बाद कच्चे तेल का बाजार उफान पर है और इसका भाव 70 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है।
सरकारी तेल कंपनियों की मूल्य वृद्धि की ताजा घोषणाओं के अनुसार दिल्ली
में पेट्रोल 75.69 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। नवंबर, 2018 के बाद
यह पेट्रोल की सबसे ऊंची दर है। इसी तरह राजधानी में डीजल भी 68.68 रुपये
लीटर पर पहुंच गया है।
कंपनियां लगातार पांच दिन से डीजल, पेट्रोल का दाम बढ़ा रही हैं।
बगदाद
हवाई अड्डे पर अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के एक सैन्य अधिकारी के मारे
जाने के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और अस्थिरता का वातावरण है। मानक
ब्रेंट कच्चा तेल न्यूयॉर्क बाजार में 2.14 डॉलर प्रति बैरल यानी 3.1
प्रतिशत उछलकर 70.74 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था।
इससे पहले कच्चे तेल का भाव इस स्तर पर सितंबर, 2019 में था। उस
समय सऊदी अरब के तेल शोधन संयंत्र पर हमले से कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति
पांच प्रतिशत गिर गयी थी।
खाड़ी क्षेत्र में तनाव से वैश्विक शेयर बजारों में भी उथल पुथल
मची हुई है। शेयर गिर रहे हैं और निवेशक सुरक्षा के लिए सोने की ओर झुक गए
हैं।
(भाषा)