भारत बंद को लेकर कई शहरों में प्रदर्शन तेज, पश्चिम बंगाल के हावड़ा-सियालदाह में प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन
भारत बंद का असर दिखने लगा है. पश्चिम बंगाल के हावड़ा में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोक दी है. यह 24 घंटे की अखिल भारतीय हड़ताल है जो सुबह से शुरू होगी. रिपोर्ट के मुताबिक भारत बंद में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों के भाग लेने की उम्मीद है. भारत बंद के दौरान मजदूर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और वेतन वृद्धि पर मजदूर वर्ग की 12-सूत्री आम मांगों को रखेंगे. इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, वर्दी, पांच दिवसीय सप्ताह और अन्य मुद्दों को भी रखा जाएगा.
भारत बंद का सबसे ज्यादा असर पश्चिम बंगाल में देखने को मिल रहा है. इस दौरान सिलिगुड़ी में स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NBSTC) के ड्राइवर हेलमेट पहनकर बस चलाते दिखे. इसके साथ ही ओडिशा के कुछ जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. इसके अलावा कई जिलों में बैंक बंद हैं. भुवनेश्वर, भदरक में बस और ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं.