ऑरेंज और ग्रीन जोन में 4 मई से खुलेंगे सैलून और ब्यूटी पार्ल... - CG Sandesh

ऑरेंज और ग्रीन जोन में 4 मई से खुलेंगे सैलून और ब्यूटी पार्लर.

कोरोना वायरस  के बढ़ते मामलों की वजह से केंद्र सरकार ने लॉकडाउन का तीसरे चरण घोषित कर दिया है. इसके तहत 3 मई को खत्म होने वाला लॉकडाउन अब 17 मई तक जारी रहेगा. गृह मंत्रालय ने इसके साथ ही देश के कुल 733 जिलों के कोरोना मामलों के आधार पर रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में बांटा है. अभी तक किसी भी जोन में सैलून और नाई की दुकानें दोबारा खोलने की परमिशन नहीं थी, लेकिन अब गृह मंत्रालय ने शनिवार को स्पष्ट किया कि 4 मई से शुरू हो रहे लॉकडाउन के तीसरे चरण में ऑरेंज और ग्रीन जोन में नाई की दुकान, सैलून खोलने की अनुमति होगी.

गृह मंत्रालय ने रेड जोन में 130 जिलों, ऑरेंज जोन में 284 जिलों और ग्रीन जोन में 319 जिलों को रखा है. ग्रीन जोन के जिलों में नाई की दुकानें, सैलून समेत अन्य जरूरी सेवाओं और वस्तुएं मुहैया कराने वाले संस्थान भी 4 मई से खुल जाएंगे.

ग्रीन जोन में मिलेंगी ये भी रियायतें

इसके अलावा ग्रीन जोन वाले इलाकों में राष्ट्रीय स्तर पर लागू प्रतिबंधों के अलावा कोई प्रतिबंध नहीं होगा. सभी तरह की आर्थिक गतिविधियों की यहां पूरी तरह छूट होगी. यहां 50 फीसदी सवारी के साथ बसें चलाने की अनुमति है. वे ग्रीन जोन वाले जिले से दूसरे ग्रीन वाले जिले में भी आ जा सकेंगी.

तीनों जोन में रहेंगे ये प्रतिबंध

सभी जोन में 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों के अलावा बीमारी से ग्रसित व्यक्ति और गर्भवती महिला, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे किसी जरूरी काम या स्वास्थ्य कारणों से ही बाहर निकल सकेंगे, सभी जोन में लोगों का सुबह 7 से शाम 7 बजे तक गैर जरूरी घूमना फिरना प्रतिबंध कर दिया गया है. तीनों ही जोन में मेडिकल और ओपीडी की सुविधा खुली रहेंगी. लेकिन सामाजिक दूरी और चेहरे पर मास्क पहनने के दिशा-निर्देश का पालन करना जरूरी होगा.


अन्य सम्बंधित खबरें