24 घंटे में मिले कोरोना 6 हजार से ज्यादा केस, मौत की दर दुनिया से बेहतर, डॉ. हर्षवर्धन होंगे WHO एग्जीक्यूटिव बोर्ड के अगले चेयरमैन.
भारत में कोरोना वायरस के मामले एक लाख के पार पहुंच चुके हैं. मंगलवार को कोरोना वायरस के 6,148 नए मामले मामले सामने आए, जिनमें से अधिकतर लोग वे हैं जो विदेश या दूसरे राज्यों से लौटे हैं. हालांकि, अभी तक स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अपडेट आना बाकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय सुबह 9 बजे कोरोना वायरस के मामलों पर अपडेट जारी करेगा. स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि भारत में कोरोना के कारण मृत्यु दर अन्य देशों के मुकाबले काफी कम है, जबकि संक्रमण के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में काफी अधिक समय लगा है.
भारत में अब तक प्रति एक लाख आबादी पर कोविड-19 से मौत के करीब 0.2 मामले आए हैं जबकि दुनिया का आंकड़ा 4.1 मृत्यु प्रति लाख का है. अधिकारियों ने यह भी कहा कि भारत में संक्रमण के मामले 64 दिन में 100 से एक लाख तक पहुंचे हैं, जो अमेरिका और स्पेन जैसे देशों की तुलना में दुगुने से अधिक समय है. रिपोर्ट के अनुसार एशिया में सबसे तेज भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं.
देश में कोरोना संकट बीच विश्व में भारत का मान बढ़ा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के 34 सदस्यीय एग्जीक्यूटिव बोर्ड के अगले चेयरमैन चुने गए हैं. हर्षवर्धन 22 मई को नई जिम्मेदारियां संभालेंगे. वे जापान के डॉ. हिरोकी नकतानी की जगह लेंगे.