पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी.
देश में पेट्रोल (Petrol Price) और डीजल (Diesel Price) के दाम आसमान छू रहे हैं. लगातार 21 दिन बढ़ोतरी के बाद बीते रविवार तेल की कीमतें नहीं बढ़ी थीं. आज (सोमवार) एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में मामूली बढ़ोतरी हुई है. न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, आज दिल्ली में पेट्रोल पर 5 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 13 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है. जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में एक लीटर पेट्रोल के लिए आपको 80.43 रुपये और डीजल के लिए 80.53 पैसे चुकाने होंगे.
बीते शुक्रवार को पेट्रोल पर 21 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 17 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. शनिवार को पेट्रोल पर 25 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 21 पैसे प्रति लीटर इजाफा हुआ था. रविवार को तेल के दाम नहीं बढ़ाए गए थे.
बता दें कि 7 जून से पेट्रोलियम कंपनियों ने शनिवार (27 जून) तक लगातार 21 दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में (पेट्रोल के दाम में बीते बुधवार बढ़ोतरी नहीं की गई थी) बढ़ोतरी की थी. इससे पहले 82 दिनों तक इनकी कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया गया था. यह पहली बार है कि दिल्ली में डीजल पेट्रोल से भी महंगा बिक रहा है.