असम और बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर
असम और बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर. असम के 30 जिलों के 36 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 66 लोगों की मौत, बिहार में भी कई जिलों में जन-जीवन अस्तव्यस्त. महाराष्ट्र के कई भागों में भारी बारिश.
देश में मॉनसून तेजी से आगे बढ रहा है। असम, बिहार जहां बाढ से प्रभावित हैं तो महाराष्ट्र बारिश के प्रकोप से जूझ रहा हैं। पूर्वोत्तर राज्य असम में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से आम जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित है। सात और लोगों की मौत के साथ ही बाढ़ की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 66 पहुंच गया है। इसके अलावा, तेज बारिश से राज्य भर में भूस्खलन की विभिन्न घटनाओं में भी अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है । राज्य की नदियां खतरे के निशान से लगातार उपर बह रही हैं । राज्य के 26 जिलों की 93 राजस्व सर्किल में तीन हजार तीन सौ तिरसठ गांव पानी में डूबे हुए हैं।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कोहोरा के Rising Sun School में बाढ़ राहत शिविर के निवासियों से मुलाकात की । उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की स्थिति का भी आकलन किया । इस प्रसिद्ध विश्व धरोहर स्थल का विशाल क्षेत्र इस समय जलमग्न है। राष्ट्रीय आपदा बल एनडीआरएफ और राज्य आपदा बल एसडीआरएफ के नेतृत्व में 180 बोट्स के साथ राज्य भर में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
बिहार के कई जिलों में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, अडवारा, कमला बलान, कोसी, महानंदा, और परमान नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर हैं। खगड़िया जिले के निचले इलाके में कोसी और बागमती का पानी आने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड में करेह नदी का पानी सड़क पर बह रहा है जिससे कई गांवों की आबादी का सड़क संपर्क टूट गया है। पश्चिमी चंपारण के बगहा में भी कई गांवों की आबादी तटबंधों पर आ गयी है।
महाराष्ट्र में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश जारी है , जिससे कई स्थानों पर जल जमाव हो गया है। मुंबई के निचले इलाकों में सायन, किंग्स सर्कल, हिंदमाता, परेल, अंधेरी में भारी बारिश के बाद कई जगहों पर पानी भर गया । मालवानी, मलाड, ठाणे और किले में इमारतों के गिरने की घटनाओं की भी सूचना मिली है। मुंबई में मंगलवार से लगातार भारी बारिश हो रही है । मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए अलग-अलग स्थानों पर "भारी से बहुत भारी बारिश" के पूर्वानुमान के साथ |ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। समुद्र के करीब या पानी वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है ।