आईआईटी खड़गपुर ने कोविड-19 के टेस्ट के लिए विकसित की नई तकन... - CG Sandesh

आईआईटी खड़गपुर ने कोविड-19 के टेस्ट के लिए विकसित की नई तकनीक

आईआईटी खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने कोविड-19 संक्रमण की जांच के लिए अपने किस्म का पहला पोर्टेबल रैपिड टेस्टिंग डिवाइस विकसित किया है. इस अनोखे और बेहद सस्ते डिवाइस से कोविड-19 की जांच लैब के बाहर और आरटी-पीसीआर मशीन के बिना ही संभव हो सकेगी. इससे पूरी दुनिया में जांच से वंचित लोगों की कोविड जांच बेहद कम कीमत पर संभव हो सकेगी.

एक पोर्टेबल यूनिट से हर जांच के बाद महज पेपर कार्ट्रेज बदलकर बड़ी संख्या में जांच संभव है. ये डिवाइस आरटी-पीसीआर टेस्ट के मानक के अनुसार बिल्कुल सटीक परिणाम देता है. इस नए डिवाइस को सीमित संसाधन वाले स्थानों पर उपयोग के योग्य बनाया गया है, ताकि विशाल साधनहीन आबादी की जांच संबंधी जरूरतें पूरी की जा सके.

इस तकनीक की एक बड़ी खासियत ये है कि इसके इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षित तकनीशियनों की जरूरत भी नहीं पड़ती और कम प्रशिक्षित कर्मचारी भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. एक जांच का परिणाम महज घंटे भर के भीतर स्मार्टफोन एप्लीकेशन पर आ जाता है.

इस जांच तकनीक में रासायनिक विश्लेषण और परिणाम देखने के लिए एक डिस्पोजेबल साधारण पेपर-स्ट्रिप का इस्तेमाल किया जाता है. महज 400 रुपये में रैपिड टेस्टिंग करने वाला ये डिवाइस महंगी आरटी-पीसीआर मशानों का विकल्प बनकर सामने आया है.


अन्य सम्बंधित खबरें