असम में बाढ़ का क़हर जारी, 26 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम में शनिवार को कुछ क्षेत्रों में बारिश रुकने से बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। वहीं, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक मोरीगांव में और एक व्यक्ति की मौत हो जाने के कारण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है।
राज्य में बाढ़ से 26 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं, वहीं, राज्य के 33 में से 27 जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। दो हजार 370 से अधिक गांव जलमग्न हैं जिनमें से 352 गांव मोरीगांव जिले में ही हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक मोरीगांव सबसे अधिक प्रभावित जिला है।
294 राहत शिविरों में सैंतालिस हजार 772 लोगों ने बाढ़ से बचने के लिए शरण ली है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक एक लाख 16 हजार 939 हेक्टेयर कृषि भूमि भी जलमग्न हो गई है। बिश्वनाथ जिले में ब्रह्मपुत्र नदी से एक स्कूल पूरी तरह से नष्ट हो गया है, वहीं बोरगंग नदी में भी कटाव की घटना हुई है।