भारत में कोरोना का कहर जारी, संक्रमितों का आंकड़ा 15 लाख के पार
देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में कोरोनावायरस (COVID-19) के मामले बढ़कर 15 लाख के पार पहुंच गए हैं, वहीं, अब तक 34 हजार से ज्यादा लोग इस जानलेवा वायरस के शिकार बन चुके हैं. देश में मरीजों के ठीक होने की दर 64.24 प्रतिशत और संक्रमण से मरने वालों की दर 2.25 प्रतिशत है. कुल पुष्ट मामलों में देश में संक्रमित पाए गए विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.अभी भारत दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर है. भारत से ऊपर ब्राजील और पहले स्थान पर अमेरिका है. हालांकि राहत की बात है कि दिल्ली और मुंबई में कोरोना संक्रमन के दर में गिरावट देखने को मिला है.
झारखंड में भी कोरोना संकट लगातार बढ़ता जा रहा है. राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को कोविड-19 के 686 नए मामले सामने आए. 179 लोग ठीक हुए. जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गयी. राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 9,563 है, जिसमें 5,485 सक्रिय मामले, 3,984 रिकवरी और 94 मौतें शामिल हैं.
पश्चिम बंगाल में कोविड-19 से 38 और मरीजों की मौत होने से मंगलवार को मृतक संख्या बढ़कर 1,449 हो गई. स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. विभाग ने बताया कि कोविड-19 के 2,134 नये मामले सामने आने से इसके कुल मामले बढ़कर 62,964 हो गए. राज्य में अभी 19,493 मरीजों का इलाज चल रहा हैं जबकि पिछले 24 घंटे में 2,105 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई.
चंडीगढ़ में मंगलवार को कोविड-19 के 24 नये मामले सामने आये जिससे इस केंद्र शासित प्रदेश में कुल मामले बढ़कर 934 हो गए है. एक मेडिकल बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है. शहर में अब तक कुल 599 लोग ठीक हो चुके हैं. मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि अब तक जांच के लिए कुल 13,069 नमूने लिए गए हैं और उनमें से 12,076 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है जबकि 56 की रिपोर्ट का इंतजार है.