राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन - CG Sandesh

राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन

समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का शनिवार को सिंगापुर के एक अस्‍पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीने से बीमार थे। इससे पहले उनका ह्दय प्रत्‍यारोपण किया गया था।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अमर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि अमर सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी और एक अनुभवी सांसद थे। राष्ट्रपति ने अमर सिंह के परिजनों, मित्रों और उनके शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उप-राष्‍ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी अमर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की और दिवंगत आत्‍मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि अमर सिंह एक ऊर्जावान जन-नेता थे। पिछले कुछ दशकों के दौरान वे कई बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के साक्षी बने। वे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों से मित्रता के लिए जाने जाते थे। प्रधानमंत्री ने उनके मित्रों और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर, सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री डॉक्‍टर हर्षवर्द्धन सहित कई नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है।


अन्य सम्बंधित खबरें