जन शिकायत सुनवाई के लिए जम्मू-कश्मीर में खोले जाएंगे ऑनलाइन... - CG Sandesh

जन शिकायत सुनवाई के लिए जम्मू-कश्मीर में खोले जाएंगे ऑनलाइन पोर्टल

केंद्र सरकार केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में जन शिकायत सुनवाई के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने में प्रदेश सरकार की मदद करेगी। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इसकी घोषणा की।

जम्मू-कश्मीर में सुशासन कायम करने की कवायद के बीच केंद्रीय मंत्री और लेफ्टिनेंट गवर्नर ने प्रदेश में ऑनलाइन जन शिकायत निवारण पोर्टल के विस्तार के अगले चरण की योजना को लेकर टेलीफोन पर चर्चा की। चर्चा के बाद सचिव स्तर की वार्ता हुई जिसमें जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक जिला मुख्यालय में नागरिकों की शिकायतों को दूर करने और उन्हें सहज और निर्बाध रूप से सेवाएं प्रदान करने के लिए एक पोर्टल स्थापित करने और उसका विस्तार करने का फैसला लिया गया।

इस पहल को कार्यान्वित करने के लिए ‘प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग’ जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ मिलकर ‘आवाज़-ए-आवाम’ पोर्टल को पुनर्गठित करने के लिए चल रहे सहयोग को और बढ़ाएगा। इसके साथ ही शिकायतों का तेजी के निपटान हो इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रयास के तहत आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ काम करने के लिए DARPG  के अधिकारियों की एक केंद्रित टीम का गठन किया जाएगा।


अन्य सम्बंधित खबरें