पुलवामा आतंकी हमले को लेकर NIA ने दायर की 13,500 पन्नों की ... - CG Sandesh

पुलवामा आतंकी हमले को लेकर NIA ने दायर की 13,500 पन्नों की चार्जशीट, जैश सरगना मसूद अजहर था हमले का मास्टर माइंड

पुलवामा आतंकी हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चार्जशीट दाखिल की, इस चार्जशीट में आतंकी संगठन 'जैश' के सरगना मसूद अजहर समेत कुल 19 आतंकवादियों के ख़िलाफ आरोपपत्र शामिल है। पिछले साल दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।

पुलवामा आतंकी हमला के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 13500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में जैश सरगना मसूद अजहर समेत कई पाकिस्तानी आतंकवादियों का नाम है। एनआईए ने इस चार्जशीट में आतंकी संगठन 'जैश' के सरगना मसूद अजहर समेत कुल 19 आतंकवादियों के ख़िलाफ आरोपपत्र शामिल है। आरोप पत्र में मारे गए और गिरफ्तार किये गए सात-सात आतंकवादियों और चार भगोड़ों का भी नाम है।

इन 19 आरोपियों में से सात गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि एक फिदायीन समेत 6 को सुरक्षा एजेंसियों ने ढेर कर दिया। इसके अलावा 6 भगोड़े आतंक के आकाओं का नाम भी चार्जशीट में है। हमले की साजिश रचने और आतंकियों को प्रशिक्षण तथा संसाधन देने के लिए मसूद अजहर के भाई रऊफ असगर और अम्मार अल्वी का नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं।

एजेंसी ने बताया है कि पाकिस्तान में बैठे लोगों ने पाक की सरपरस्ती में ही चलने वाले आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद और उसके सरगना मसूद अजहर ने  इस हमले की योजना बनाई थी। चार्जशीट से पता चलता है कि मसूद ने इस काम में अपने चचेरे भाइयों को भी लगाया. हमले के लिए जैश के प्रशिक्षण शिविर मे आतंकियों को ट्रेनिंग दी गयी और तस्करी के जरिए विस्फोटक लाया गया ।

एनआईए ने कहा कि आतंकवादी हमले के इस मामले को 18 महीने में हल कर पाकिस्तान में जैश द्वारा रची गई 2019 के पुलवामा हमले की साजिश से पर्दा उठा दिया गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पुलवामा आतंकवादी हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के मामले में मंगलवार को यहां एक विशेष अदालत में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर समेत 19 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।

चार्जशीट में शामिल 19 आरोपियों के नाम पाकिस्तान में रहने वाले आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर , उसका भाई अब्दुल रऊफ असगर, अम्मार अलवी , शाकिर बशीर , इंशा जान , पीर तारिक अहमद शाह , वाएज उल इस्लाम , मोहम्मद अब्बास रादर , बिलाल अहमद , मोहम्मद इकबाल रादर, मोहम्मद इस्माइल , समीर अहमद डार , असहाक अहमद , आदिल अहमद डार, मोहम्मद उमर फारूक , मोहम्मद कामरान अली , सज्जाद अहमद भट्ट , मुदस्सर अहमद खान , और कारी यासिर शामिल हैं। चार्जशीट से साफ है कि पाकिस्तान ने भारत में अशांति फैलाने के मकसद से  पुलवामा आतंकी हमले की साजिश रची थी।

गौरतलब है कि पिछले साल दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए उस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले का जवाब भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक किया था। जांच एजेंसी द्वारा दायर 13,500 पन्नों के इस आरोप पत्र में आत्मघाती बम हमलावर आदिल डार को शरण देने और उसका अंतिम वीडियो बनाने के लिये पुलवामा से गिरफ्तार किये गए लोगों को नामजद किया गया है. डार ने पिछले साल 14 फरवरी को दक्षिण कश्मीर के लेथपुरा के निकट लगभग 200 किलो विस्फोटक से भरे वाहन से सीआरपीएफ के काफिले को टक्कर मार दी थी।


अन्य सम्बंधित खबरें