दिल्ली समेत कई शहरों में सोमवार से मेट्रो सेवा की शुरुआत
दिल्ली मेट्रो सहित देशभर में अलग-अलग शहरों में चलने वाली ज्यादातर मेट्रों ट्रेनें कल से शुरू हो रही हैं, हालांकि अभी पूरा परिचालन शुरू नहीं हो रहा है लेकिन शुरुआत हो रही है. मेट्रो प्रशासन तो तैयार है लेकिन अब आम लोगों को भी सतर्कता के साथ उनका साथ देना होगा.
दिल्ली, बेंगलुरु, कोच्चि और लखनऊ में सोमवार से मेट्रो सेवा बहाल हो रही है. लेकिन कोरोना महामारी से उपजे हालात से मद्देनज़र सब कुछ बदला-बदला सा नज़र आएगा. हालांकि मेट्रो को फिर पटरी पर दौड़ाने के सभी तैयारियां की जा रही हैं. कोच की सफाई हो रही है, उन्हें डिसइन्फेक्ट किया जा रहा है.
दिल्ली में कई स्टेशनों पर ऑटो थर्मल स्क्रीनिंग कम हैंड सैनिटाइजेशन मशीनें होंगी, तो वहीं कई जगह ऑटो सैनिटाइजर डिस्पेंसर्स लगे होंगे. मेट्रो स्टेशनों पर लिफ्ट के पास एक 'पैडल स्विच' लगा होगा. यानि लिफ्ट बुलाने के लिए बस पैर से ही इस स्विच को धीरे से दबाना है. बटन पैनल फिलहाल बंद रहेगा. यात्रियों को एक सीट छोड़कर कर बैठना होगा. अगर खड़े हैं तो बाकी यात्रियों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनानी होगी. ट्रेन के कोच में दीवारों पर सुरक्षित यात्रा के लिए निर्देश चिपकाए गए हैं. साथ ही हर स्टेशन पर सुरक्षा नियमों की घोषणा लगातार की जाएगी. वर्तमान में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक गेट की अनुमति दी गई है. यात्रियों का मार्गदर्शन करने के लिए सभी महत्वपूर्ण जगहों पर साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं. हर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने का समय 10 सेकेंड बढ़ा दिया गया है. पहले कुछ दिन मेट्रो प्रत्येक दिन चार घंटे की दो शिफ्टों में सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम 4 से रात 8 बजे तक काम करेगी.
बेंगलुरु मेट्रो भी सोमवार से शुरू हो रही है. पहले चरण में छह कोच वाली ट्रेनें पूर्व से पश्चिम मार्ग पर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक संचालित होंगी. इसके अलावा सुरक्षा संबंधी मानकों को सख्ती से लागू किया जाएगा. वहीं यात्रियों के लिए कुछ यात्रा के संबंध में कुछ मानक तय किए गए हैं. जिसमें मास्क को अनिवार्य रूप से पहनना शामिल है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सोमवार से मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा. मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों को सैनेटाइज किया जा रहा है. यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी. पहले के मुकाबले भीड़ आधे से भी कम होगी. लखनऊ मेट्रो अपनी क्षमता से काफी कम यात्रियों के साथ सफर की शुरुआत करेगी. मेट्रो की फ्रीक्वेंसी साढ़े पांच मिनट की होगी यानि हर साढ़े पांच मिनट पर आपको मेट्रो मिलेगी. मेट्रो यात्रा को कोरोना फ्री बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है. यात्रियों को कोरोना से बचाव के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा. सभी यात्रियों को फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा. गाइडलाइंस काफी सख्त बनाई गई हैं और इसका पालन न करने वाले यात्री को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है.
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारत सरकार ने मार्च के आखिर में देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी. इसके बाद से ही मेट्रो समेत सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को देशभर में बंद कर दिया गया था. अगस्त के आखिर में भारत सरकार की तरफ से जारी अनलॉक-4 की गाइडलाइंस में 7 सितंबर से मेट्रो चलाने की इजाजत दे दी गई है. इसी के बाद दिल्ली, नोएडा और लखनऊ, हैदराबाद समेत अन्य शहरों में पांच महीने से अधिक समय के बाद मेट्रो का परिचालन एक बार फिर से शुरू हो रहा है.