प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे मत्स्य सम्पदा योजना का शुभारम्भ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे मत्स्य सम्पदा योजना का शुभारम्भ। साथ ही करेंगे 'ई-गोपाल' एप की भी शुरूआत। 'ई-गोपाल एप ' पशु स्वास्थ्य को मजबूत और उनकी उत्पादकता बढ़ाने में करेगा मदद..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बिहार में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना देश में मत्स्य पालन क्षेत्र के सतत विकास की एक फ्लैगशिप योजना है, जिसके तहत वित्त वर्ष 2020-21 से वित्त वर्ष 2024-2025 के बीच 5 साल की अवधि के दौरान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आत्मनिर्भर भारत पैकेज के एक भाग के रूप में इसके कार्यान्वयन के लिए 20,050 करोड़ रुपये का निवेश किया जाना है।
इसका मकसद 2024-25 तक मछली उत्पादन को अतिरिक्त 70 लाख टन बढ़ाना और मत्स्य निर्यात से होने वाली आय को बढ़ाना है। इसके अलावा इस योजना के तहत मछुआरों और मछली किसानों की आय को दोगुना करने, मछली उत्पादन के बाद होने वाले नुकसान को वर्तमान के 20-25% से 10% पर लाने और रोजगार के अवसर पैदा करने पर भी ज़ोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आज ई-गोपाला ऐप की भी शुरुआत करेंगे। ई-गोपाला ऐप किसानों के सीधे उपयोग के लिए तैयार किया गया एक व्यापक नस्ल सुधार बाज़ार और सूचना पोर्टल है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा बिहार में मछली पालन और पशुपालन क्षेत्रों में भी कई पहलों का शुभारम्भ किया जाएगा।