कोरोना पॉजिटिव होने पर चीन ने उड़ाया ट्रंप और मेलानिया का मजाक
वैसे तो कोविड-19 (Covid-19) की चपेट में दुनिया की कई नामचीन हस्तियां चुकी हैं लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के कोरोना पॉजिटिव होने से हड़कंप मच गया है. ट्रंप ही नहीं उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) भी कोरोना की शिकार हो चुकी हैं. इस बात की जानकारी खुद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर दी. दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के मुखिया के कोरोना वायरस पॉजिटिव होने से सभी सकते में हैं लेकिन चीनी मीडिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति का मजाक उड़ाया है.
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के मुख्यपत्र ग्लोबल टाइम्स (Global Times) के संपादक ने कहा है कि 'ट्रंप और उनकी पत्नी ने कोविड-19 को कम समझने की कीमत चुकाई है.' इसपर ट्विटर पर लोगों ने चीन के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया है. यूजर्स का कहना है कि महामारी को जन्म देने वाले चीन को ऐसी बातें करना शोभा नहीं देता.
ग्लोबल टाइम्स के संपादक हू शिजिन (Hu Xijin) ने ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी ने कोविड-19 को कम गंभीरता से लेने के जुए की कीमत चुकाई है. इस खबर से अमेरिका में महामारी का खतरनाक स्तर पता चल रहा है. इससे अमेरिका और ट्रंप की नकारात्मक छवि पेश होगी और उनके दोबारा चुनाव पर असर पड़ सकता है.'