रविवार को प्रॉपर्टी कार्ड लॉन्चम करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, ज... - CG Sandesh

रविवार को प्रॉपर्टी कार्ड लॉन्चम करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, जानिए किसे मिलेगा फायदा.

नई दिल्‍ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 11 अक्‍टूबर को 'स्वामित्व योजना' के तहत प्रॉपटी कार्ड की शुरुआत करेंगे । इस योजना के तहत जमीन के मालिकों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक का रिकॉर्ड कार्ड भौतिक तौर पर मुहैया कराया जाएगा । इस कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगा । प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को ये जानकारी दी ।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने 'स्वामित्व योजना' को ग्रामीण भारत में बदलाव लाने वाला ऐतिहासिक पहल बताया है । केंद्र सरकार की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी जमीन और संपत्ति को एक वित्तीय संपत्ति के तौर पर इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी, जिसके एवज में वह बैंकों से कर्ज और दूसरे वित्तीय फायदा उठा सकेंगे ।

पीएमओ ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरूआत से करीब एक लाख संपत्ति मालिक अपनी संपत्ति से जुड़े कार्ड को अपने मोबाइल फोन पर एसएमएस लिंक के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे । इसके बाद संबंधित राज्य सरकारों के द्वारा संपत्ति कार्ड का भौतिक वितरण किया जाएगा ।

इससे 763 गांवों को मिलेगा फायदा

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक ये लाभार्थी 6 राज्यों के 763 गांवों से हैं । इनमें उत्तर प्रदेश के 346, हरियाणा के 221, महाराष्ट्र के 100, मध्य प्रदेश के 44, उत्तराखंड के 50 और कर्नाटक के दो गांव शामिल हैं । महाराष्ट्र को छोड़कर अन्‍य सभी राज्यों के लाभार्थियों को एक दिन के अंदर में अपने प्रॉपर्टी कार्ड की भौतिक प्रतियां मिल जाएंगी ।



अन्य सम्बंधित खबरें