दुनिया के कई हिस्सों में अचानक कुछ देर के लिए ठप हो गई ट्विटर की सेवाएं, जानें क्या आई शिकायत
भारत समेत दुनिया के कई देशों में बुधवार देर शाम को
माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) कथित तौर पर अचानक डाउन हो गई।
समाचार एजेंसी एएनआइ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दुनियाभर के कई देशों
में हजारों यूजर्स ने ट्विटर की सेवाएं ठप होने की बात कही। रिपोर्ट में
कहा गया है कि भारत में बुधवार शाम को करीब आठ बजे से सोशल साइट ठप हो गई।
यूजर्स ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट के होम पेज के लोड नहीं हो पाने की शिकायतें की। हालांकि यूजर्स द्वारा की गई इन शिकायतों पर ट्विटर की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
एएनआइ ने डाउन डिटेक्टर के हवाले से बताया कि बार बार रिफ्रेश
करने के बावजूद यूजर्स इसे खोल नहीं पा रहे थे। यूजर्स को केवल वेब वर्जन
पर ही नहीं, इसके एप पर भी उक्त समस्याओं का सामना करना पड़ा। एंड्राएड
और आईफोन दोनों के यूजर्स उक्त गड़बड़ी के चलते परेशान नजर आए।
यूजर्स को इस माइक्रोब्लॉगिंग साइट का रीयल टाइम स्टेटस नहीं मिल पा रहा था। यूजर्स को ट्वीट्स का ताजा फीड दिखाने के बजाय इस माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर एक पॉप-अप संदेश दिखा। इसमें लिखा था 'कुछ गलत है या पुन: प्रयास करें'...
यूजर्स ने DownDetector नामक वेबसाइट पर जाकर इस बारे में जानकारी भी दर्ज कराई। हालांकि कुछ देर बाद यह प्रॉब्लम दूर हो गई। उल्लेखनीय है कि पहले भी समय-समय पर ट्विटर के यूजर्स को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ता रहा है और माइक्रोब्लॉगिंग साइट का सर्वर डाउन होता रहा है। हालांकि कुछ समय के बाद सबकुछ सामान्य हो जाता है। इससे पहले 16 अक्टूबर को भी ट्विटर के यूजर्स इसी के जैसी समस्या का सामना करना पड़ा था। फिलहाल इस कथित तकनीकी खामी के बारे में और ब्यौरे का इंतजार है।