त्योहार पर रहें सतर्क, ऑनलाइन वेबसाइट कम दाम का दे रही हैं लालच
बता दें कि कई बार हम ऑनलाइन सामान खरीदते समय भारी भरकम छूट का लालच देखकर ऐसे लोगों के जाल में फंस जाते हैं, जो ऑनलाइन ठगी में माहिर होते हैं। पिछले एक हफ्ते में इस प्रकार की ठगी की करीब नौ शिकायत साइबर सेल के पास पहुंची है। एसपी सायबर सेल संदेश जैन का कहना है कि त्योहार आने पर ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। सावधानी बरतने पर इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
त्योहार और आने वाली शादियों के लिए आप ऑनलाइन शापिंग करने का मन बना रहे हैं तो आप को सतर्क रहने की जरूरत है। इन दिनों ऑनलाइन ठग भी सक्रिय हैं और वह कई तरह के लुभावने आफर देकर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सायबर सेल में अब ऐसी शिकायते पहुंचना शुरू हो गई है।
सायबर सेल ने इसके लिए अपनी एडवाइजरी जारी कर लोगों को शापिंग करते समय सावधानी बरतने की बात कही है। जैसे सबसे पहले उस वेबसाइट के बारे में पता करें कि वह भरोसेमंद है या नहीं, उसकी वेबसाइट में उसका फोन नंबर, ईमेल का पता व रिटर्न पॉलिसी के बारे में पता कर लें। इसके बाद ही सामान खरीदें। ज्यादा छूट देने वाली वेबसाइट के लालच में बिल्कुल नहीं फंसे। एक खास बात का हमेशा ध्यान रखने की जरूरत है कि वेबसाइट से सामान खरीदने से पहले इस बात का पता जरूर कर लें, जिससे सामान खरीदा है कि उसकी रिटर्न पालिसी है या नहीं।
दिल्ली के गिरोह को इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी में कोलार पुलिस दिल्ली के दो युवकों को गिरफ्तार कर ठगी के 12 वारदात का खुलासा कर चुकी है। यह दोनों ऑनलाइन सामान भेजते थे, लेकिन उसमें सामान की जगह रद्दी कागज रख दिया करते थे। अभी दोनों आरोपित जेल में हैं। अभी ऐसे बाकी गिरोह भी सक्रिय हैं।
कोहेफिजा की दाता कॉलोनी में रहने वाले सुंदर विश्वकर्मा ने एक वेबसाइट पर
छूट का ऑफर देखकर 15 हजार का फोन मंगाया था। उन्होंने 15 हजार की राशि
ऑनलाइन केस ऑन डिलीवरी दिए, लेकिन जब फोन का पार्सल आया और उसे खोला तो
उसमें कागज निकले।